भगवान बुद्ध के अनुयायियों के लिए चार ही मुख्य तीर्थ हैं:-
(1) लुम्बिनी : जहाँ बुद्ध का जन्म हुआ।> (2) बोधगया : जहाँ बुद्ध ने ‘बोध’ प्राप्त किया। > (3) सारनाथ : जहाँ से बुद्ध ने दिव्यज्ञान देना प्रारंभ किया। (4) कुशीनगर : जहाँ बुद्ध का महापरिनिर्वाण हुआ।
(1) लुम्बिनी :
यह स्थान नेपाल की तराई में पूर्वोत्तर रेलवे की गोरखपुर-नौतनवाँ लाइन के नौतनवाँ स्टेशन से 20 मील और गोरखपुर-गोंडा लाइन के नौगढ़ स्टेशन से 10 मील दूर है।
नौगढ़ से यहाँ तक पक्का मार्ग भी बन गया है। गौतम बुद्ध का जन्म यहीं हुआ था। यहाँ के प्राचीन विहार नष्ट हो चुके हैं। केवल अशोक का एक स्तम्भ है, जिस पर खुदा है- ‘भगवान् बुद्ध का जन्म यहाँ हुआ था।’ इस स्तम्भ के अतिरिक्त एक समाधि स्तूप भी है, जिसमें बुद्ध की एक मूर्ति है। नेपाल सरकार द्वारा निर्मित दो स्तूप और हैं। रुक्मनदेई का मंदिर दर्शनीय है। एक पुष्करिणी भी यहाँ है।
(2) बोधगया :
|
यहाँ बुद्ध ने ‘बोध’ प्राप्त किया था। भरत के बिहार में स्थित गया स्टेशन से यह स्थान 7 मील दूर है।
(3) सारनाथ :बनारस छावनी स्टेशन से पाँच मील, बनारस-सिटी स्टेशन से तीन मील और सड़क मार्ग से सारनाथ चार मील पड़ता है। यह पूर्वोत्तर रेलवे का स्टेशन है और बनारस से यहाँ जाने के लिए सवारियाँ- ताँगा, रिक्शा आदि मिलते हैं। सारनाथ में बौद्ध-धर्मशाला है। यह बौद्ध-तीर्थ है।
|
भगवान बुद्ध ने अपना प्रथम उपदेश यहीं दिया था। यहीं से उन्होंने धर्मचक्र प्रवर्तन प्रारंभ किया था। सारनाथ की दर्शनीय वस्तुएँ हैं- अशोक का चतुर्मुख सिंह स्तम्भ, भगवान बुद्ध का मंदिर (यही यहाँ का प्रधान मंदिर है), धमेख स्तूप, चौखंडी स्तूप, सारनाथ का वस्तु संग्रहालय, जैन मंदिर, मूलगंधकुटी और नवीन विहार।
सारनाथ बौद्ध धर्म का प्रधान केंद्र था किंतु मोहम्मद गोरी ने आक्रमण करके इसे नष्ट-भ्रष्ट कर दिया। वह यहाँ की स्वर्ण-मूर्तियाँ उठा ले गया और कलापूर्ण मूर्तियों को उसने तोड़ डाला। फलतः सारनाथ उजाड़ हो गया। केवल धमेख स्तूप टूटी-फूटी दशा में बचा रहा। यह स्थान चरागाह मात्र रह गया था।
सन् 1905 ई. में पुरातत्व विभाग ने यहाँ खुदाई का काम प्रारंभ किया। इतिहास के विद्वानों तथा बौद्ध-धर्म के अनुयायियों का इधर ध्यान गया। तब से सारनाथ महत्व प्राप्त करने लगा। इसका जीर्णोद्धार हुआ, यहाँ वस्तु-संग्रहालय स्थापित हुआ, नवीन विहार निर्मित हुआ, भगवान बुद्ध का मंदिर और बौद्ध-धर्मशाला बनी। सारनाथ अब बराबर विस्तृत होता जा रहा है।
जैन ग्रंथों में इसे सिंहपुर कहा गया है। जैन धर्मावलंबी इसे अतिशय क्षेत्र मानते हैं। श्रेयांसनाथ के यहाँ गर्भ, जन्म और तप- ये तीन कल्याण हुए हैं। यहाँ श्रेयांसनाथजी की प्रतिमा भी है यहाँ के जैन मंदिरों में। इस मंदिर के सामने ही अशोक स्तम्भ है।
(4) कुशीनगर :
|
गोरखपुर जिले में कसिया नामक स्थान ही प्राचीन कुशीनगर है। गोरखपुर से कसिया(कुशीनगर) 36 मील है। यहाँ तक गोरखपुर से पक्की सड़क गई है, जिस पर मोटर-बस चलती है। यहाँ बिड़लाजी की धर्मशाला है तथा भगवान बुद्ध का स्मारक है। यहाँ खुदाई से निकली मूर्तियों के अतिरिक्त माथाकुँवर का कोटा ‘परिनिर्वाण स्तूप’ तथा ‘विहार स्तूप’ दर्शनीय हैं। 80 वर्ष की अवस्था में तथागत बुद्ध ने दो शाल वृक्षों के मध्य यहाँ महापरिनिर्वाण प्राप्त किया था। यह प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थ है।
अन्य तीर्थ स्थल :
तथागत के निर्वाण के पश्चात उनके शरीर के अवशेष (अस्थियाँ) आठ भागों में विभाजित हुए और उन पर आठ स्थानों में आठ स्तूप बनाए गए हैं। जिस घड़े में वे अस्थियाँ रखी थीं, उस घड़े पर एक स्तूप बना और एक स्तूप तथागत की चिता के अंगार (भस्म) को लेकर उसके ऊपर बना। इस प्रकार कुल दस स्तूप बने।