अकसर हमारे आस-पास ऐसे लोग होते हैं, जिनकी आदतें, जीवन-शैली, व्यवहार सबसे हमें चिढ़ होता है। कुछ तो हमारे इतने करीबी होते हैं कि हम उनसे दूर भी नहीं जा सकते और साथ रहना भी मुश्किल लगता है। कैसे करें उन लोगों को भी प्रेम?
जो हमें तंग करते हैं उनसे हम प्रेम कैसे करें? उनसे प्रेम करने का दिखावा मत कीजिए, बस इतना समझ लीजिए के वे आपको तंग कर रहे हैं| सवाल ये है कि आप उनसे परेशान या तंग भला क्यों हो रहे हैं? सिर्फ इसलिए कि जैसा आप उनसे उम्मीद करते हैं, वे वैसे नहीं हैं। साथ-ही-साथ आप यह भी दावा करते हैं कि आप भगवान को मानते हैं।
अगर आप भगवान को मानते हैं तो फिर यह भी मानना होगा कि आपको तंग करने वाला वह इंसान भी भगवान का ही बनाया हुआ है और वह भी इतना उम्दा कि वह आपको बेइंतहा तंग करने से बाज नहीं आता। है न? इसलिए खुद को किसी धोखे में मत रखिए। गौर कीजिए कि आप चिढ़ इसलिए रहे हैं क्योंकि आपने सही और गलत का फैसला पहले ही कर रखा है। आपने फैसला कर लिया है, “बस यही सबसे सही तरीका है।” अगर कोई इंसान अलग तरह का निकला तो पहले तो आप उससे परेशान हो जायेंगे, फिर नाराज़, फिर आप उससे नफरत करेंगे और फिर आप उसकी जान तक लेने की सोच सकते हैं। स्वाभाविक तौर पर बात ऐसे ही बिगड़ती जाती है, क्योंकि आप चाहते हैं कि इस दुनिया का हर इंसान आप जैसा हो। अगर हर इंसान आप जैसा होता तो फिर क्या आप यहां होते? खुद आपके घर में अगर कोई एक भी आप जैसा होता तो क्या आप उस घर में रह पाते? क्या ऐसा संभव होता? शुक्र है कि इस दुनिया में हर इंसान अपने तरीके से अलग है।